RRB ALP Recruitment 2026 : रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट यानी ALP भर्ती को लेकर संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। नए नोटिफिकेशन में कई जोन में पदों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे अब पहले के मुकाबले ज्यादा अभ्यर्थियों को नौकरी पाने का मौका मिलेगा। लंबे समय से रेलवे भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह अपडेट बेहद अहम माना जा रहा है।


दरअसल, आरआरबी की ओर से पहले जारी नोटिफिकेशन में ALP के कुल 11,127 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। लेकिन अब संशोधित नोटिफिकेशन जारी करते हुए रेलवे भर्ती बोर्ड ने कुछ जोन में सीटों की संख्या बढ़ा दी है। इससे प्रतियोगी छात्रों के बीच खुशी का माहौल है।


रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नए आंकड़ों के अनुसार भुवनेश्वर, बिलासपुर और सिकंदराबाद जोन में पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। भुवनेश्वर जोन में पहले 928 पद निर्धारित थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 1,355 कर दिया गया है। वहीं बिलासपुर जोन में पहले 568 सीटें थीं, अब यह संख्या बढ़कर 1,068 हो गई है। इसके अलावा सिकंदराबाद जोन में पहले 533 पद थे, जिन्हें संशोधित कर 606 कर दिया गया है। पदों की संख्या बढ़ने के बाद अब बड़ी संख्या में युवाओं को रेलवे में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। खासकर तकनीकी योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


रेलवे भर्ती बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 जून तय की गई है। वहीं परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 16 जून निर्धारित की गई है। अगर किसी उम्मीदवार से आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उन्हें सुधार का मौका भी दिया जाएगा। फॉर्म करेक्शन विंडो 17 जून से 26 जून तक खुली रहेगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि सर्वर संबंधी परेशानी से बचा जा सके।


ऐसे करें आवेदन

रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर दिए गए ALP भर्ती लिंक पर क्लिक करें। अब नए रजिस्ट्रेशन के विकल्प पर जाकर जरूरी जानकारी दर्ज करें। इसके बाद मांगे गए दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। फिर आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें।


गौरतलब है कि असिस्टेंट लोको पायलट की नौकरी रेलवे की सबसे लोकप्रिय भर्तियों में शामिल होती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में पदों की संख्या बढ़ने से प्रतियोगिता के बीच उम्मीदवारों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।