RPSC APO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लॉ ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सहायक अभियोजन अधिकारी (Assistant Prosecution Officer-APO) के 371 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. कानून की पढ़ाई पूरी कर चुके उम्मीदवार अब इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 8 जून 2026 से 7 जुलाई 2026 तक आवेदन फॉर्म भर सकेंगे.


371 पदों पर होगी भर्ती

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 371 रिक्त पदों को भरा जाएगा. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं.


आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा की संभावित तिथि 2 सितंबर 2026 निर्धारित की है. हालांकि परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यकतानुसार बदलाव भी किया जा सकता है. ऐसे में अभ्यर्थियों को समय-समय पर आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.


कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एलएलबी (LLB) की डिग्री होना अनिवार्य है. इसके अलावा उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी भाषा का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए. साथ ही राजस्थान की संस्कृति और स्थानीय परंपराओं की जानकारी भी आवश्यक मानी गई है.


आयु सीमा

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी. वहीं आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा.


तीन चरणों में होगा चयन

आरपीएससी एपीओ भर्ती में उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों के आधार पर किया जाएगा. सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. इस परीक्षा में कानून विषय के 70 प्रतिशत और हिंदी-अंग्रेजी व्याकरण के 30 प्रतिशत प्रश्न शामिल होंगे.


प्रीलिम्स परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा. मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक होगी, जिसमें लॉ विषय का 300 अंकों का पेपर और भाषा विषय का 100 अंकों का पेपर होगा. इसके बाद मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को अंतिम नियुक्ति दी जाएगी.


कितनी मिलेगी सैलरी?

सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-11 के तहत वेतन मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता, चिकित्सा सुविधा, एनपीएस (NPS) सहित अन्य सरकारी लाभ भी दिए जाएंगे. यही वजह है कि यह भर्ती युवाओं के बीच काफी चर्चा में है.


आवेदन शुल्क

सामान्य वर्ग, ओबीसी क्रीमी लेयर और एमबीसी क्रीमी लेयर के उम्मीदवारों को 600 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं राजस्थान के नॉन-क्रीमी लेयर ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है. अन्य राज्यों के सभी उम्मीदवारों को सामान्य वर्ग के तहत आवेदन शुल्क जमा करना होगा.


आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी समस्या के कारण आवेदन में परेशानी हो सकती है. सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे एलएलबी पास युवाओं के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकती है. ऐसे में योग्य अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस मौके का लाभ जरूर उठाएं.