DESK:राजस्थान के कोटा में दीपावली पर लड्डू नहीं मिलने से नाराज कोचिंग के छात्रों ने अनोखा आंदोलन शुरू कर दिया। दिवाली पर लड्डू की मांग को लेकर सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतरे और जमकर नारेबाजी की।
छात्रों का आरोप है कि कोचिंग संस्थान उनसे लाखों रुपये फीस वसूलते हैं, लेकिन त्योहार के मौके पर एक लड्डू तक नहीं देते। इस अनोखे प्रदर्शन की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी खूब हो रही है। यहां तक कि छात्रों ने सोशल मीडिया पर 'लड्डू जनता पार्टी' भी बना दी है।
दरअसल, शिक्षा नगरी कोटा में दीपावली के मौके पर कोचिंग संस्थानों में लड्डू नहीं बांटे जाने से छात्रों में नाराजगी फैल गई। कोरल पार्क इलाके में सैकड़ों छात्र एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। छात्रों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर लड्डू-लड्डू के नारे लगाए और जुलूस निकालकर अपना विरोध जताया।
छात्रों का कहना है कि वे अपने परिवार से दूर रहकर कोटा में पढ़ाई करते हैं। कोचिंग संस्थानों में लाखों रुपये फीस देते हैं, लेकिन दीपावली जैसे त्योहार पर उनके लिए कोई खास इंतजाम नहीं किया गया।
छात्रों की नाराजगी उस वक्त और बढ़ गई, जब कुछ शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर लड्डू के पैकेट मिलने के वीडियो साझा किए। इसके बाद छात्रों ने सवाल उठाया कि जब शिक्षकों को लड्डू दिए जा रहे हैं, तो छात्रों को क्यों नहीं?
प्रदर्शन के दौरान एक बैनर ने लोगों का खास ध्यान खींचा। इस पर लिखा था कि छात्रों से डेढ़ लाख रुपये तक फीस ली जाती है, लेकिन बदले में एक लड्डू भी नहीं दिया जाता।
इस अनोखे आंदोलन का असर सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रहा है। छात्रों ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' की तर्ज पर 'लड्डू जनता पार्टी' बना दी है। आंदोलन से जुड़े वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं।
कोटा की कोचिंग संस्कृति, लाखों की फीस और परिवार से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे छात्रों की जिंदगी के बीच लड्डू के लिए शुरू हुआ यह आंदोलन अब चर्चा का विषय बन गया है।