Patna News: इंटरनेशनल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (आईएसएम), पटना के बीएजेएमसी और एमबीए के 40 विद्यार्थियों ने बापू टावर, पटना और गांधी शांति प्रतिष्ठान, पटना की ओर से आयोजित “आज से आगे के गांधी जी” विषय पर विशेष व्याख्यान में भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आज के समय में महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों की उपयोगिता को समझना था।



कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गांधी जी के विचारों और सिद्धांतों को जानने तथा आज की सामाजिक, नैतिक और राष्ट्रीय समस्याओं को समझने का अवसर मिला। वक्ताओं ने सत्य, अहिंसा, शांति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गांधी जी के मूल्यों पर प्रकाश डाला और बताया कि उनके विचार आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं।



कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गांधी शांति प्रतिष्ठान, नई दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत थे। डॉ. सी. वी. रमण विश्वविद्यालय, वैशाली, बिहार के कुलपति डॉ. सुमित तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के सेवानिवृत्त उप-निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मनोज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा लेखक एवं गांधीवादी विचारक भैरव लाल दास और गांधी शांति प्रतिष्ठान, पटना केंद्र के अध्यक्ष साधुशरण सिंह ने भी अपने विचार रखे।



इस कार्यक्रम में आईएसएम पटना के विद्यार्थियों की भागीदारी का समन्वय बीएजेएमसी विभाग के सहायक प्राध्यापक और मीडिया समिति के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार ने किया। आईएसएम पटना विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर भी सीखने और सामाजिक विषयों को समझने के अवसर प्रदान करता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है।