DRDO Recruitment 2026: इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने वर्ष 2026 के लिए जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं. चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 37,000 रुपये की फेलोशिप, HRA और अन्य सुविधाओं के साथ देश की अत्याधुनिक रक्षा तकनीकों पर काम करने का अवसर मिलेगा.


DRDO के कॉम्बैट व्हीकल्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (CVRDE) द्वारा जारी इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 जुलाई तक ऑफलाइन या ईमेल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. यह फेलोशिप उन युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर है, जो रिसर्च के साथ-साथ भविष्य में पीएचडी भी करना चाहते हैं.


इस फेलोशिप के तहत चयनित अभ्यर्थियों को ऑटोमोटिव सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर आधारित डिफेंस सिस्टम और अत्याधुनिक सैन्य तकनीकों पर शोध करने का मौका मिलेगा. इसके अलावा, निर्धारित नियमों के तहत पार्ट-टाइम पीएचडी करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.


आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में BE/BTech की डिग्री और वैध GATE स्कोर होना अनिवार्य है. अधिकतम आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी.


चयन प्रक्रिया शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी. अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को 37,000 रुपये प्रतिमाह फेलोशिप, हाउस रेंट अलाउंस (HRA), चिकित्सा सुविधाएं और देश के प्रमुख रक्षा अनुसंधान संस्थान में काम करने का अवसर मिलेगा.