Dharmendra Pradhan Resignation: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने मंच से कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो गया है और यह आंदोलन की बड़ी जीत है.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, ‘We have done it’ यानी हमने कर दिखाया. इसके बाद उन्होंने कहा, ‘झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए.’ उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि हमारे यहां इस्तीफा नहीं होता, अब उनका इस्तीफा हो गया है.
हालांकि, अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद भी CJP का आंदोलन खत्म नहीं होगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन की अभी दो प्रमुख मांगें बाकी हैं और जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा.
दो मांगों को लेकर जारी रहेगा आंदोलन
अभिजीत दीपके ने कहा कि यह लोकतंत्र है और किसी को डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन आंदोलनकारियों की अभी दो प्रमुख मांगें बाकी हैं.
पहली मांग को लेकर उन्होंने कहा कि जिन बच्चों ने आत्महत्या की है, उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए.
दूसरी मांग को लेकर उन्होंने 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा उठाया. अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान जिन पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने का आरोप है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि जब तक इन दोनों मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक CJP का आंदोलन खत्म नहीं होगा. मंच से उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा.