BSEB Sakshamta Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मंगलवार को स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए आयोजित पांचवीं एवं अंतिम सक्षमता परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष एस. एम. त्यागराजन ने रिजल्ट की घोषणा की। परीक्षा में शामिल 14,512 अभ्यर्थियों में से 4,353 शिक्षक सफल हुए हैं। इनमें 1,870 पुरुष और 2,483 महिला शिक्षक शामिल हैं। इस परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत 30 फीसदी रहा।
सक्षमता परीक्षा का आयोजन 5 जून से 8 जून 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया गया था। इसमें कक्षा 1 से 5, 6 से 8, 9 से 10 और 11 से 12 तक के स्थानीय निकाय के कार्यरत शिक्षक शामिल हुए। परीक्षा में कुल 6,559 पुरुष और 7,953 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे गए थे। प्रश्नपत्र तीन भागों में विभाजित था। पहले भाग में भाषा से 30 प्रश्न, दूसरे भाग में सामान्य अध्ययन के 40 प्रश्न और तीसरे भाग में संबंधित विषय के 80 प्रश्न शामिल थे। अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय दिया गया था।
इस परीक्षा में वे शिक्षक भी शामिल हुए, जो पहली, दूसरी, तीसरी या चौथी सक्षमता परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे या अनुत्तीर्ण रहे थे। इसके अलावा, ऐसे अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया, जिनका पूर्व में किसी कारणवश आवेदन स्वीकार नहीं हो पाया था।
समिति के अनुसार, सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 36.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 34 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए 32 प्रतिशत अंक उत्तीर्ण होने के लिए निर्धारित किए गए थे।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परिणाम फिलहाल प्रोविजनल है। सफल अभ्यर्थियों की आगे काउंसिलिंग कराई जाएगी। काउंसिलिंग की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी शिक्षा विभाग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। गौरतलब है कि अब तक आयोजित पांचों सक्षमता परीक्षाओं में कुल 2,71,133 शिक्षकों को सफल घोषित किया जा चुका है।