BSEB 10th Admit Card: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटर वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेकेंड डमी एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. जिन छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, वे अपना डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर सकते हैं. बोर्ड ने गलतियों में सुधार के लिए 21 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक का समय दिया है. ऐसे में विद्यार्थियों के पास अपने विवरण में किसी भी तरह की त्रुटि ठीक कराने के लिए अब कुछ ही दिन बचे हैं.


बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, विद्यार्थी अपने स्कूल के प्रधानाध्यापक के माध्यम से सेकेंड डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. इसके अलावा छात्र खुद भी अपना डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज जानकारियों को देख सकते हैं. बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड में लिखे नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरणों को ध्यान से जांच लें.


26 नवंबर तक करा सकते हैं सुधार

मैट्रिक और इंटर के सेकेंड डमी एडमिट कार्ड में अगर कोई गलती मिलती है, तो उसे ठीक कराने के लिए 26 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है. इसके लिए विद्यार्थियों को अपने स्कूल के प्रधानाध्यापक से संपर्क करना होगा. प्रधानाध्यापक के माध्यम से ही ऑनलाइन सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.


बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर ही त्रुटियों में सुधार कराया जा सकता है. इसलिए विद्यार्थियों को आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना अपने डमी एडमिट कार्ड की जांच कर लेनी चाहिए.


नाम और जन्मतिथि में बदलाव को लेकर निर्देश

बिहार बोर्ड ने नाम, माता-पिता के नाम और जन्मतिथि में सुधार को लेकर भी जरूरी निर्देश जारी किए हैं. इन विवरणों में पूरी तरह बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि, अगर इनमें किसी तरह की त्रुटि है और सुधार की जरूरत है, तो संबंधित प्रमाण के साथ स्कूल के प्रधानाध्यापक समिति को ईमेल कर सकते हैं.


ऐसे में विद्यार्थियों को गलती मिलने पर उससे जुड़े जरूरी दस्तावेज अपने स्कूल में जमा करने होंगे, ताकि प्रधानाध्यापक के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया जा सके.


मैट्रिक और इंटर के लिए अलग-अलग ईमेल आईडी जारी

बिहार बोर्ड ने डमी एडमिट कार्ड में सुधार से जुड़ी समस्याओं के लिए मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों को अलग-अलग ईमेल आईडी उपलब्ध कराई है.


मैट्रिक के विद्यार्थियों के लिए bseb@antiersolutions.com और इंटर के विद्यार्थियों के लिए bsebinterhelpdesk@gmail.com ईमेल आईडी जारी की गई है. सुधार से संबंधित ईमेल भेजते समय विद्यार्थियों को जरूरी प्रमाण भी संलग्न करने होंगे.


विद्यार्थी इन जानकारियों को जरूर करें चेक

सेकेंड डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद विद्यार्थी अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और अन्य दर्ज विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें. अगर किसी जानकारी में गलती मिलती है, तो तुरंत स्कूल के प्रधानाध्यापक से संपर्क करें.


मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सुधार की प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू हो चुकी है और 26 नवंबर 2026 तक चलेगी. इसके बाद इस चरण में सुधार का मौका नहीं मिलेगा.