BPSSC SI Result 2026: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 1,799 पदों पर नियुक्ति की जानी है। मुख्य परीक्षा में सफल 10,759 अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए चयनित किया गया है।


बिहार दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में सामान्य हिन्दी और सामान्य अध्ययन के दो पेपर शामिल थे। सामान्य हिन्दी में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य था।


सामान्य हिन्दी पेपर में 34,302 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 414 अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से अयोग्य घोषित किए गए, जबकि 33,726 अभ्यर्थियों ने न्यूनतम अर्हता प्राप्त कर ली। वहीं सामान्य अध्ययन पेपर में 34,298 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 998 अभ्यर्थी अयोग्य पाए गए।


इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,799 पद भरे जाएंगे। इनमें 850 पद अनारक्षित, 273 अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC), 222 पिछड़ा वर्ग (BC), 210 अनुसूचित जाति (SC), 180 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 42 पिछड़ा वर्ग महिला, 15 अनुसूचित जनजाति (ST), 7 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। वहीं महिलाओं के लिए कुल 614 पद क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत निर्धारित किए गए हैं।


मुख्य परीक्षा में अनारक्षित वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों का कट-ऑफ 134 अंक और महिला अभ्यर्थियों का 116.20 अंक रहा। अन्य वर्गों के लिए भी अलग-अलग कट-ऑफ निर्धारित किया गया है। आयोग ने रिक्त पदों के छह गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया है। अब चयनित 10,759 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में शामिल होना होगा। PET की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।


इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा (PT) 18 और 21 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें 10.36 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया और 7.26 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 16 मार्च 2026 को जारी हुआ था, जिसमें 35,857 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया। इसके बाद 27 मई 2026 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई, जिसका परिणाम अब जारी किया गया है।