BPSC New Exam Calendar: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने नया परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. शुक्रवार को जारी संशोधित कैलेंडर में कई बड़ी भर्तियों की परीक्षा, रिजल्ट और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी गई है. सबसे खास बात यह है कि कुछ पदों पर अभ्यर्थियों का चयन केवल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जबकि शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 के 33,320 पदों को भी कैलेंडर में शामिल किया गया है.
आयोग की ओर से जारी कैलेंडर में सभी तिथियों को संभावित बताया गया है. इसके अनुसार 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 17 जनवरी 2027 को आयोजित होने की संभावना है. इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1,189 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. वहीं, शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 में कुल 33,320 पद निर्धारित किए गए हैं. इसे एक चरण की परीक्षा के रूप में कैलेंडर में शामिल किया गया है.
71वीं मुख्य परीक्षा समेत कई परीक्षाओं के रिजल्ट जारी
BPSC के संशोधित कैलेंडर में कई परीक्षाओं के परिणाम जारी होने की जानकारी भी दी गई है. 71वीं संयुक्त मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम 6 नवंबर 2026 को घोषित किया जा चुका है. इस परीक्षा के माध्यम से 1,298 पदों पर नियुक्ति होनी है.
इसके अलावा 19 नवंबर को अभियोजन पदाधिकारी के 300 पदों और राजस्व विभाग के शोध पदाधिकारी के तीन पदों की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया गया. जिला खेल पदाधिकारी के 33 पदों का लिखित परीक्षा परिणाम 4 नवंबर को, जबकि सहायक पर्यावरण वैज्ञानिक के 17 पदों का परिणाम 30 अक्टूबर को घोषित किया जा चुका है.
कई भर्तियों में कानूनी अड़चन, कुछ परीक्षाएं स्थगित
कैलेंडर में ऐसी कई भर्तियों का भी जिक्र है, जिनकी प्रक्रिया फिलहाल अलग-अलग कारणों से आगे नहीं बढ़ सकी है. सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के 935 पदों के विज्ञापन का प्रारूप सहमति के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है. वहीं, विशेष शिक्षक के 7,279 पदों को लेकर विभाग से पत्राचार जारी है.
सहायक नगर निवेशक के 35 पद, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी के 60 पद और सहायक नगर नियोजन पर्यवेक्षक के 36 पदों की परीक्षा दो चरणों में कराने को लेकर विभाग से बातचीत चल रही है.
33वीं बिहार न्यायिक सेवा के 173 पदों की भर्ती में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद विभाग से नए दिशा-निर्देश का इंतजार है. वहीं, सहायक अभियंता के 1,024 पदों का परिणाम हाईकोर्ट में मामला लंबित रहने के कारण रुका हुआ है.
इसके अलावा सहायक राजस्व एवं लेखा पदाधिकारी के 285 पद और सहायक शहरी कल्याण एवं निबंधन पदाधिकारी के 285 पदों की भर्ती को संबंधित विभाग की ओर से स्थगित कर दिया गया है.
इन पदों पर लिखित परीक्षा नहीं, सिर्फ इंटरव्यू से होगा चयन
BPSC के कैलेंडर में कई ऐसी भर्तियां भी शामिल हैं, जिनमें चयन के लिए केवल साक्षात्कार का प्रावधान रखा गया है. हालांकि, इन पदों के इंटरव्यू की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है.
बिहार अग्निशमन सेवा में अपर निदेशक सह सहायक राज्य अग्निशमन पदाधिकारी के चार पद और उप निदेशक के 14 पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन का काम आयोग पूरा कर चुका है.
वहीं, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सह-प्राध्यापक के 539 पद और प्राचार्य के 25 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्राचार्य के 26 पदों तथा मुजफ्फरपुर के होम्योपैथिक कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के 18 पदों के लिए भी विभागीय विशेषज्ञों द्वारा दस्तावेज सत्यापन किया जा रहा है.
इसके साथ ही पटना और बेगूसराय के आयुर्वेदिक कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 88 पद, तिब्बी कॉलेज पटना में सहायक प्राध्यापक के 15 पद, फैक्ट्री इंस्पेक्टर के 17 पद और बॉयलर इंस्पेक्टर के पांच पदों पर भी चयन प्रक्रिया इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जानी है.
1,711 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों की अधियाचना वापस
विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग में विभागाध्यक्ष के 205 पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है. वहीं, आवेदन नहीं मिलने के कारण नौ विज्ञापन संबंधित विभाग को वापस कर दिए गए हैं.
सहायक राज्य फोरेंसिक पदाधिकारी के छह पदों के लिए इंटरव्यू की तारीख अभी तय नहीं हुई है. इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के 1,711 पदों की अधियाचना विभाग ने वापस ले ली है.
BPSC के नए परीक्षा कैलेंडर के सामने आने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर TRE-4.0 और 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की आगामी प्रक्रिया पर टिकी है.