Bihar STET 2026: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक अभ्यर्थी 17 अगस्त 2026 से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है.


अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए BSEB की आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.org पर जाना होगा. परीक्षा में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षकों के लिए दो अलग-अलग पेपर होंगे.


दो पेपर में होगी STET 2026 परीक्षा

बिहार STET 2026 का आयोजन कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT मोड में किया जाएगा. परीक्षा में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे. अभ्यर्थियों को प्रत्येक पेपर के लिए 150 मिनट का समय मिलेगा और प्रश्नपत्र कुल 150 अंकों का होगा.


पेपर-1 कक्षा 9वीं और 10वीं के शिक्षकों के लिए होगा, जबकि पेपर-2 कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए आयोजित किया जाएगा.


प्रत्येक पेपर में 100 अंक संबंधित विषय से होंगे, जबकि 50 अंक शिक्षण कला और अन्य निर्धारित योग्यताओं से जुड़े होंगे.


STET 2026 के लिए शैक्षणिक योग्यता

पेपर-1 के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और B.Ed की योग्यता होनी चाहिए.


पेपर-2 के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन और B.Ed जरूरी है. कंप्यूटर साइंस जैसे कुछ विषयों में B.Ed की अनिवार्यता अलग हो सकती है.


आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है. सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष है. महिलाओं, BC और EBC वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तथा SC/ST वर्ग के लिए 42 वर्ष तक रखी गई है.


किस वर्ग को कितने अंक लाने होंगे

STET 2026 में क्वालीफाई करने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं.


सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे. OBC वर्ग के लिए न्यूनतम 45.50 प्रतिशत, EBC के लिए 42.50 प्रतिशत और SC/ST वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं. दिव्यांग और सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक जरूरी हैं.


कितना देना होगा आवेदन शुल्क

एक पेपर के लिए सामान्य, EWS, BC, EBC और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को 960 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. SC, ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 760 रुपये है.


दोनों पेपरों के लिए सामान्य, EWS, BC और EBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 1440 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं SC, ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1140 रुपये निर्धारित किया गया है.


ऐसे भरें STET 2026 का ऑनलाइन फॉर्म

सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट bsebstet.org पर जाएं. इसके बाद STET 2026 Registration लिंक पर क्लिक करें. नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी के जरिए रजिस्ट्रेशन करें.


रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद User ID और Password से लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें. इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करें.


अंत में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें. आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है.