Bihar News: बिहार की बेटी का इंगलैंड में जलवा. ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी छात्र संघ के प्रतिनिधि का चुनाव जीतकर बढ़ाया मान. स्मृति जायसवाल पूर्वी चम्पारण जिला के ढाका प्रखंड क्षेत्र के  फुलवरिया की रहने वाली है. 


स्मृति जायसवाल ने इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी, इंग्लैंड में अपनी प्रतिभा व नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी छात्र संघ के प्रतिनिधि का चुनाव जीतकर पूरे चम्पारण का नाम रौशन की है। साथ ही स्मृति को सेंट थॉमस स्ट्रीट की जेसीआर का प्रेसिडेंट की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्मृति को शैक्षणिक वर्ष 2026 - 27 के लिए मैनेजमेंट ( इंटरनेशनल बिजनेस ) में एमएससी पाठ्यक्रम का छात्र प्रतिनिधि चुना गया है। 


बता दें, स्मृति जायसवाल बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, ढाका के पूर्व विधायक पवन जायसवाल व पूर्वी चम्पारण जिला के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष प्रियंका जायसवाल की पुत्री है। ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी का छात्र संघ ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का संगठन है, जो छात्रों के हितों और गतिविधियों के लिए काम करता है। स्मृति क्राइस्ट यूनिवर्सिटी बेंगलुरु से बी बी ए फाइनेंस की शिक्षा हासिल कर इंटरनेशनल बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के लिए करीब एक माह पूर्व इंगलैंड की ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी गई है। इंटरनेशनल बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई करने पहुंची स्मृति ने विश्व विद्यालय में अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत के महज एक महीने के अंदर छात्र प्रतिनिधि के चुनाव में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों का समर्थन हासिल कर निर्वाचित हुई। 


उनकी इस सफलता पर उनके पिता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि “शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना ही नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित करना भी है। ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी में स्मृति को मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरे परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है। मुझे विश्वास है कि उनकी यह उपलब्धि बिहार की बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व के क्षेत्र में भी नई ऊँचाइयाँ हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।”