BPSSC SI Recruitment 2026: बिहार पुलिस में दरोगा बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) ने सब-इंस्पेक्टर (SI) के 150 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई 2026 से शुरू होगी. इच्छुक उम्मीदवार 9 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.


इस भर्ती अभियान के तहत बिहार पुलिस में कुल 150 सब-इंस्पेक्टर के पद भरे जाएंगे. आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, अलग-अलग वर्गों के लिए पद आरक्षित किए गए हैं. इनमें अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 27 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 24 पद, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 18 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 15 पद, पिछड़ा वर्ग महिला (BC Female) के लिए 4 पद और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 2 पद शामिल हैं. बाकी पद अन्य श्रेणियों के अनुसार भरे जाएंगे, जिसकी पूरी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई है.


इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक या उसके समकक्ष डिग्री होना जरूरी है. आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष होनी चाहिए. सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.


चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा. मुख्य परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज सत्यापन और अन्य निर्धारित प्रक्रिया से गुजरना होगा. सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा.