Bihar Museum Internship: अगर आप अपने करियर को एक नई दिशा देना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए खास हो सकती है। बिहार की राजधानी पटना स्थित विश्वप्रसिद्ध बिहार म्यूजियम ने युवाओं के लिए एक आकर्षक पेड इंटर्नशिप कार्यक्रम की घोषणा की है।
यह इंटर्नशिप बिहार सरकार की मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से चयनित युवाओं को कला, संस्कृति, डेटा मैनेजमेंट और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
बिहार म्यूजियम की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, यह इंटर्नशिप दो कार्य क्षेत्रों के लिए उपलब्ध है। जिसमें सोशल मीडिया असिस्टेंट और डेटा मैनेजमेंट एवं MIS (Management Information System) रिपोर्टिंग शामिल है।
इस इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत कुल 4 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। हालांकि सीटों की संख्या सीमित है, लेकिन बिहार म्यूजियम जैसे ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थान में काम करने का अनुभव उम्मीदवारों के रिज्यूमे (CV) को मजबूत बना सकता है।
सोशल मीडिया असिस्टेंट पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास फाइन आर्ट्स में ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन (BFA/MFA) की डिग्री होना आवश्यक है। वहीं डेटा मैनेजमेंट एवं MIS रिपोर्टिंग पद के लिए कॉमर्स या मैनेजमेंट बैकग्राउंड वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
पात्रता के लिए B.Com, BBA, M.Com, MBA, MCA योग्यताएं मान्य होंगी। उम्मीदवार संबंधित कोर्स पूरा कर चुके हों या वर्तमान में अध्ययनरत हों, वे आवेदन कर सकते हैं। इस पेड इंटर्नशिप में चयनित स्नातक और स्नातकोत्तर उम्मीदवारों को ₹6,000 प्रति माह का वित्तीय स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इसके अलावा, यदि चयनित उम्मीदवार का गृह जिला पटना से बाहर है और उसे कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए यात्रा या आवास की आवश्यकता होती है, तो राज्य सरकार के नियमों के अनुसार उसे 2,000 अतिरिक्त भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के आधिकारिक पोर्टल cmpratigya.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करें। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्राप्त लॉगिन आईडी और पासवर्ड से पोर्टल पर प्रवेश करें।
इसके बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें। आवश्यक दस्तावेज जैसे मार्कशीट, फोटो, पहचान पत्र आदि की स्कैन कॉपी अपलोड करें। आवेदन फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक जांच लें।
यह इंटर्नशिप केवल वित्तीय सहायता प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि बिहार की समृद्ध कला और संस्कृति को करीब से समझने तथा एक प्रतिष्ठित संस्थान में काम करने का अनुभव हासिल करने का बेहतरीन अवसर भी है।