Bihar News: दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम, नई दिल्ली की छात्रा स्वस्ति स्नेह ने सीबीएसई कक्षा 12वीं वाणिज्य संकाय की परीक्षा में 99.4% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। परीक्षा परिणाम आज घोषित किया गया।
स्वस्ति ने अंग्रेजी, अकाउंटेंसी और बिजनेस स्टडीज में 100 अंक प्राप्त किए हैं, उन्होंने कक्षा 10वीं की पढ़ाई नोट्रे डेम एकेडमी, पटना से पूरी की थी, जहां भी वे एक मेधावी और निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्रा के रूप में जानी जाती थीं।
स्वस्ति प्रारंभ से ही पढ़ाई में अत्यंत गंभीर और प्रतिभाशाली रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को देते हुए उनके सतत मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया है।
स्वस्ति के पिता संजय कुमार अग्रवाल वर्ष 2002 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. ये वर्तमान में भारत सरकार में पदस्थापित हैं। उनकी माता श्रीमती नेहा अग्रवाल एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। स्वस्ति की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।