Bihar DElEd Admission 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने डीएलएड सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 अगस्त 2026 कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी अब निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ शुल्क भी जमा कर सकेंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को विस्तारित अवधि में आवेदन और शुल्क जमा करने के लिए समिति के आधिकारिक पोर्टल https://bsebedled.com पर जाने की सलाह दी है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, डीएलएड नामांकन की पहली चयन सूची 27 अगस्त को जारी की जाएगी। पहली चयन सूची के आधार पर 27 से 31 अगस्त तक नामांकन होगा। इसी अवधि में अभ्यर्थी स्लाइड अप प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे। प्रशिक्षण संस्थानों की ओर से पोर्टल पर अंतिम सीट अपडेट 1 सितंबर को किया जाएगा।
पहली चयन सूची में जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं होगा, वे 3 सितंबर तक नए विकल्प भरने या पहले से भरे विकल्पों में बदलाव कर सकेंगे। इसके बाद दूसरी चयन सूची 5 सितंबर को जारी होगी। दूसरी सूची के आधार पर 5 से 8 सितंबर तक नामांकन लिया जाएगा। वहीं, स्लाइड अप प्रक्रिया 8 सितंबर तक चलेगी और अंतिम सीट अपडेट 9 सितंबर को किया जाएगा।
तीसरी चयन सूची के लिए अभ्यर्थी 10 सितंबर तक नए विकल्प भर सकेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को तीसरी चयन सूची जारी की जाएगी। तीसरी सूची के आधार पर 12 से 15 सितंबर तक नामांकन होगा, जबकि संस्थानों द्वारा अंतिम सीट अपडेट 16 सितंबर को किया जाएगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नामांकन की प्रक्रिया के दौरान रविवार को भी प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिला लिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन, चयन सूची और नामांकन से जुड़ी सभी तिथियों का ध्यान रखें।