Bihar CET BEd Result: बिहार बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET-BEd) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-brabu.in पर जाकर अपना स्कोर कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष वैशाली के हिमांशु अजनबी और कटिहार के विवेक कुमार ने 117-117 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से टॉप किया है। वहीं छात्राओं की श्रेणी में सीतामढ़ी की अंजनी कुमारी ने 116 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है।
रिजल्ट जारी होने के साथ ही ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू होने जा रही है, जिसमें अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर कॉलेजों की पसंद भरनी होगी। इसके आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
जारी मेरिट सूची के अनुसार टॉप-10 में छह छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं। बेगूसराय की प्रियंका पासवान ने भी 116 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन 7 जून को राज्यभर के 180 केंद्रों पर किया गया था, जिसमें कुल 1,12,440 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
शिक्षा शास्त्री पाठ्यक्रम में मधुबनी के रामदेव कुमार ने 104 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने इस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राज्य नोडल अधिकारी प्रो. संजय कुमार के अनुसार, रिजल्ट के बाद ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 20 से 23 जून तक चलेगी। अभ्यर्थी अपने विकल्प के रूप में न्यूनतम तीन और अधिकतम 10 कॉलेज चुन सकते हैं। मेरिट के आधार पर कॉलेज आवंटित किए जाएंगे।
सीट मिलने के बाद 3,000 रुपये काउंसलिंग शुल्क जमा कर सीट को सुरक्षित करना होगा। निर्धारित समय पर एडमिशन नहीं लेने पर सीट रद्द कर दी जाएगी। एडमिशन के दौरान सभी शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित विश्वविद्यालयों द्वारा किया जाएगा।
इस वर्ष प्रवेश परीक्षा के लिए 1,23,327 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि राज्य में कुल 37,250 सीटें उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रत्येक सीट के लिए लगभग तीन अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। सबसे अधिक 6,400 सीटें पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में, 6,200 बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में और 6,000 मगध विश्वविद्यालय में उपलब्ध हैं।
ऐसे चेक करें बिहार BEd CET 2026 रिजल्ट
आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-brabu.in पर जाएं
CET BEd Result लिंक पर क्लिक करें
लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज करें
सबमिट करते ही स्कोर कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा
डाउनलोड कर प्रिंटआउट सुरक्षित रखें