Bihar AI Training Program: बिहार के युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया रास्ता खुलने जा रहा है. राज्य सरकार अगले पांच साल में 7000 छात्र-छात्राओं को AI की ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रही है. इसके लिए सिंगापुर की संस्था ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क (GFTN) को चुना गया है. इस योजना के तहत ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवाओं को पांच महीने का विशेष कोर्स कराया जाएगा. कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.
मंगलवार को हुई सम्राट सरकार की कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई. इसके लिए नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल फाइनेंस और लिनक्स फाउंडेशन के साथ मिलकर ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा. खास बात यह है कि इस कोर्स में सिर्फ साइंस विषय से पढ़ाई करने वाले छात्र ही शामिल नहीं होंगे, बल्कि दूसरे विषयों से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले युवाओं को भी मौका मिलेगा.
पांच महीने की ट्रेनिंग में AI की बारीकियां सीखेंगे युवा
सरकार की इस योजना के तहत चयनित युवाओं को पांच महीने तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी. इसमें AI के इस्तेमाल, तकनीकी जानकारी और इससे जुड़े कामकाज की समझ विकसित की जाएगी. अगले पांच वर्षों में कुल 7000 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है.
सरकार को उम्मीद है कि इस ट्रेनिंग से बिहार के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही वे देश और विदेश की कंपनियों में AI से जुड़े काम करने के लिए जरूरी कौशल भी हासिल कर सकेंगे.
बिहार के 100 से अधिक स्टार्टअप्स को भी मिलेगा फायदा
इस योजना का लाभ सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा. इसके तहत बिहार में एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जाएगा, जिससे 100 से अधिक स्टार्टअप्स को मदद मिलेगी. इस प्लेटफॉर्म पर स्टार्टअप संचालकों, छात्रों, शोधकर्ताओं और सरकारी अधिकारियों को AI से जुड़े नए टूल और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इन सुविधाओं की मदद से बिहार की स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नए प्रयोग और तकनीकी काम किए जा सकेंगे. इससे राज्य में स्टार्टअप और तकनीक आधारित कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
दुनिया के 12 बड़े मंचों पर दिखेगा बिहार का काम
सम्राट सरकार की इस योजना के जरिए बिहार के तकनीकी विकास और स्टार्टअप से जुड़े काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहुंचाने की तैयारी है. इसके लिए दुनिया के 12 बड़े मंचों पर बिहार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा.
इनमें सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल, पॉइंट जीरो फोरम ज्यूरिख, ब्लैक स्वान समिट, बैंकॉक डिजिटल फाइनेंस फोरम और GFTN फोरम जापान जैसे आयोजन शामिल हैं. इन मंचों पर दुनिया के बड़े निवेशकों, तकनीकी कंपनियों और नीति निर्धारकों के सामने बिहार में हो रहे काम की जानकारी रखी जाएगी. सरकार को इससे राज्य में विदेशी निवेश और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
मार्च से शुरू हो सकती है AI की ट्रेनिंग
योजना को जमीन पर उतारने के लिए सिंगापुर की संस्था जल्द ही बिहार में अपना केंद्र स्थापित करेगी. इसके बाद विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की मदद से ट्रेनिंग लेने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा.
छात्रों के चयन और दूसरी जरूरी तैयारियों में करीब छह महीने का समय लगने की संभावना है. इसके बाद मार्च से ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है.