BBOSE Exam Form 2026: बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) ने दिसंबर 2026 में होने वाली माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड ने आवेदन के लिए अलग-अलग वर्ग के विद्यार्थियों के लिए तिथियां तय की हैं.


बीबोस के अनुसार, पूर्व से पंजीकृत नियमित परीक्षार्थियों के साथ अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी क्रेडिट ट्रांसफर (टीओसी) के तहत नामांकन और परीक्षा फॉर्म भरने का मौका दिया गया है. आवेदन की पूरी प्रक्रिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bboseonline.bihar.gov.in पर ऑनलाइन पूरी की जाएगी.


300 और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका

पूर्व से पंजीकृत नियमित परीक्षार्थी 31 अक्टूबर तक 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं. इसके बाद 1 नवंबर से 9 नवंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा.


वहीं, अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए टीओसी के तहत नामांकन और परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. ऐसे विद्यार्थी 31 अक्टूबर तक बिना किसी विलंब शुल्क के नामांकन और परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं.


पहले से टीओसी के तहत नामांकित विद्यार्थियों के लिए 1 नवंबर से 9 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि निर्धारित की गई है.


अध्ययन केंद्रों को भी समय पर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश

बोर्ड ने दिसंबर 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के साथ संबंधित अध्ययन केंद्रों के समन्वयक और उप-समन्वयक को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है.


विद्यार्थियों को नामांकन, परीक्षा फॉर्म और अन्य जरूरी जानकारी के लिए बीबोस की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है. इसके अलावा बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 0612-2385492 और 0612-2385489 पर संपर्क कर भी जानकारी ली जा सकती है.