Arohan 2026: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अमहारा, बिहटा, पटना में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को कॉलेज के सभागार में ‘आरोहण–2026’ के अंतर्गत ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं व्हाइट कोट समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी सिंह, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित, डीन डॉ. संजय कुमार तथा फाइनेंस रजिस्ट्रार एवं छात्रावास अधीक्षक पवन कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र मुख्य अतिथि तथा प्रो. (डॉ.) बिंदेय कुमार, कुलपति, बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय एवं निदेशक, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के वातावरण, चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों एवं व्यावसायिक आचरण से परिचित कराना था। इस अवसर पर आयोजित व्हाइट कोट समारोह में विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा, सेवा भावना, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं विशेष आकर्षण 250 नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों द्वारा महर्षि चरक शपथ ग्रहण करना रहा। इस शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने चिकित्सा पेशे की नैतिक मर्यादाओं का पालन करने, रोगियों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार रखने तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिक्षा में नैतिकता, अनुशासन, करुणा और मानवीय मूल्यों के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ एक जिम्मेदार, संवेदनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करें और भविष्य में समाज एवं मानवता की सेवा को अपना सर्वोच्च दायित्व समझें।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधन, प्राचार्य, डीन, संकाय सदस्यों एवं अन्य पदाधिकारियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के जीवन में चिकित्सा शिक्षा की एक नई शुरुआत के साथ सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी के भाव को भी सुदृढ़ किया।