Milk Price Hike: महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड के प्रमुख डेयरी ब्रांड वेरका (Verka) ने अपने पाउच वाले दूध की कीमतों में 1 रुपये से लेकर 8 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें शुक्रवार सुबह से पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में लागू हो गई हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, फेडरेशन ने गुरुवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया था। इसके अनुसार, 500 मिलीलीटर के विभिन्न पैक की कीमतों में बदलाव किया गया है। फुल क्रीम दूध अब 36 रुपये के बजाय 38 रुपये में मिलेगा। स्टैंडर्ड दूध की कीमत 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये, टोंड दूध की 30 रुपये से बढ़ाकर 31 रुपये और डबल टोंड दूध की 27 रुपये से बढ़ाकर 28 रुपये कर दी गई है। वहीं, गाय के दूध की कीमत 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये और स्किम्ड दूध की कीमत 24 रुपये से बढ़कर 25 रुपये हो गई है।
वेरका ने 1 लीटर, 1.5 लीटर और 2 लीटर वाले पैक की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। 1 लीटर फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये में मिलेगा, जबकि स्टैंडर्ड दूध की कीमत 65 रुपये से बढ़कर 69 रुपये हो गई है। टोंड दूध 59 रुपये के बजाय 61 रुपये और डबल टोंड दूध 53 रुपये के बजाय 55 रुपये में मिलेगा।
1.5 लीटर पैक में फुल क्रीम दूध की कीमत 106 रुपये से बढ़कर 112 रुपये और स्टैंडर्ड दूध की कीमत 96 रुपये से बढ़कर 102 रुपये हो गई है। वहीं, 1.5 लीटर गाय के दूध के लिए अब ग्राहकों को 90 रुपये के बजाय 96 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह, 2 लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 142 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये कर दी गई है। जबकि 2 लीटर स्टैंडर्ड दूध अब 128 रुपये के बजाय 136 रुपये में मिलेगा।
फेडरेशन ने 180 मिलीलीटर डबल टोंड दूध और 350 मिलीलीटर टोंड दूध की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा पैकेजिंग फिल्म का स्टॉक खत्म होने के बाद 350 मिलीलीटर टोंड दूध के पैक की मात्रा घटाकर 320 मिलीलीटर कर दी जाएगी। इसी तरह, 450 मिलीलीटर स्टैंडर्ड दूध के पैक की मात्रा भी घटाकर 430 मिलीलीटर करने का फैसला लिया गया है।
इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। नई दरें गुरुवार से लागू हुई थीं। वहीं, पिछले महीने कर्नाटक के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी ने भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे।
कंपनियों के मुताबिक, महंगाई के दबाव के कारण पैकेजिंग, परिवहन और अन्य परिचालन लागत में करीब 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है। दूध की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ सकता है। इसके साथ ही खाद्य महंगाई का दबाव भी बढ़ने की आशंका है।