LPG Cylinder News: एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए E-KYC को लेकर जरूरी अपडेट सामने आया है. गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक अपने LPG कनेक्शन की E-KYC पूरी कराने की अपील की है. एजेंसियों के अनुसार, तय समय तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे घरेलू सिलिंडर की सुविधा प्रभावित होने और व्यावसायिक दर पर गैस लेने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है.
दुर्गा गैस एजेंसी के प्रोपराइटर स्नेह कौशिक ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक अपने LPG कनेक्शन की E-KYC करा लेनी चाहिए. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपना सत्यापन करा लिया है, लेकिन एजेंसी से जुड़े करीब चार हजार उपभोक्ता अब भी E-KYC से वंचित हैं. ऐसे उपभोक्ताओं से समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.
घर बैठे मोबाइल से कर सकते हैं E-KYC
LPG उपभोक्ताओं के लिए E-KYC कराने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. मोबाइल फोन के जरिए घर बैठे भी आधार फेस ऑथेंटिकेशन से सत्यापन किया जा सकता है.
इसके लिए उपभोक्ताओं को अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा. इंडियन ऑयल के उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस के उपभोक्ता Hello BPCL और HP गैस के उपभोक्ता HP Pay/HP Gas ऐप के जरिए E-KYC कर सकते हैं.
ऐसे पूरी करें E-KYC
सबसे पहले अपने मोबाइल में संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें. इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर से ऐप में लॉगिन करें. अब KYC या आधार सत्यापन के विकल्प पर जाएं और अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें.
आधार नंबर दर्ज करने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. सत्यापन सफल होने के बाद स्क्रीन पर E-KYC पूरा होने का कन्फर्मेशन दिखाई देगा. इसके साथ ही उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भी इसकी जानकारी भेजी जाएगी.
गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द E-KYC की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में LPG सिलिंडर लेने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.