PM Fasal Bima Yojana: बिहार के किसानों के लिए बड़ी खबर है. राज्य सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू कर दी है. इस योजना के तहत किसान अपनी फसलों का बीमा कराकर प्राकृतिक आपदा या अन्य अधिसूचित कारणों से फसल खराब होने पर आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए पात्र हो सकते हैं. योजना की आवेदन प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है और किसान 15 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं.


इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ सिर्फ अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों को ही नहीं, बल्कि दूसरे की जमीन पर बटाई या किराये पर खेती करने वाले किसानों को भी मिलेगा. यानी रैयत और गैर-रैयत दोनों तरह के किसान अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं.


15 जनवरी तक मिलेगा आवेदन का मौका

बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन कर दें. उन्होंने बताया कि योजना को लागू करने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. किसानों को आवेदन करने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए बैंक शाखाओं, पैक्स और वसुधा केंद्रों को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं.


किसान इन केंद्रों पर जाकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवेदन प्रक्रिया में सहायता ले सकते हैं.


बटाईदार किसान भी करा सकते हैं फसल का बीमा

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों के साथ-साथ बटाई और किराये पर खेती करने वाले किसानों को भी शामिल किया गया है. जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से कर्ज लेकर खेती की है, वे भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. वहीं, बिना कृषि ऋण लिए खेती करने वाले किसान भी आवेदन कर सकते हैं.


योजना के तहत किसानों को अपनी फसल के अनुसार बीमा राशि का निर्धारित हिस्सा प्रीमियम के रूप में जमा करना होगा. खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए अधिकतम 1.5 प्रतिशत प्रीमियम निर्धारित किया गया है. वहीं, बागवानी और अन्य व्यावसायिक फसलों के लिए अधिकतम 5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा.


अगर किसी फसल के लिए बीमा कंपनी की ओर से तय प्रीमियम सरकार की निर्धारित सीमा से कम है, तो किसानों को कम दर पर ही भुगतान करना होगा. इससे किसानों पर बीमा कराने का आर्थिक बोझ कम रहेगा.


सरकार की इस योजना के जरिए रबी सीजन में खेती करने वाले किसानों को फसल नुकसान के जोखिम से आर्थिक सुरक्षा देने की कोशिश की जा रही है. ऐसे में पात्र किसान 15 जनवरी से पहले आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं.