Jeevika Didi Scheme: बिहार की लाखों जीविका दीदियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दूसरी किस्त की राशि जुलाई महीने से मिलनी शुरू हो जाएगी. इस योजना के तहत चयनित महिलाओं के बैंक खाते में सरकार सीधे डीबीटी के माध्यम से 20-20 हजार रुपये भेजेगी. वहीं जिन महिलाओं को पहली किस्त की राशि नहीं मिल पाई थी, उन्हें भी 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे.
सरकार के इस फैसले से राज्य की लाखों महिलाओं को अपने छोटे-छोटे रोजगार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पहले चरण में मिली 10 हजार रुपये की सहायता राशि से जिन महिलाओं ने अपना काम शुरू किया और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया, उन्हें दूसरी किस्त के लिए चुना गया है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसको लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि सरकार जुलाई महीने में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के दौरान महिलाओं को दूसरी किस्त की राशि दी जा सकती है.
गयाजी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 1.81 करोड़ जीविका दीदियों को रोजगार शुरू करने के लिए पहली किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये दिए गए थे. इसके बाद अब करीब 20 लाख ऐसी महिलाओं को चिन्हित किया गया है, जिन्होंने इस राशि का इस्तेमाल कर अपना रोजगार शुरू किया है.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. महिलाएं इस राशि से सिलाई, पशुपालन, छोटे व्यवसाय, दुकान, खेती से जुड़े काम समेत कई तरह के रोजगार शुरू कर रही हैं.
पिछले साल शुरू हुई थी योजना
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 सितंबर 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस योजना की शुरुआत की थी. इस दौरान बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से उनके खाते में सीधे 10 हजार रुपये भेजे गए थे.
सरकार ने उस समय कहा था कि महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल अपनी पसंद के रोजगार में कर सकती हैं. योजना के तहत करीब छह महीने बाद यह देखा जाना था कि किन महिलाओं ने वास्तव में रोजगार शुरू किया है. इसके बाद अच्छा काम करने वाली महिलाओं को आगे आर्थिक सहायता देने की बात कही गई थी.
अब सरकार ने ऐसी महिलाओं को दूसरी किस्त देने की तैयारी पूरी कर ली है. दूसरी किस्त के रूप में 20 हजार रुपये मिलने से महिलाएं अपने कारोबार को और बड़ा कर सकेंगी.