Bihar Police News: वैशाली जिले के कटहरा थाना में कार्यरत एक महिला सब इंस्पेक्टर का रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इस वीडियो को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
वायरल वीडियो में एक महिला पुलिस पदाधिकारी कथित तौर पर एक व्यक्ति से पैसे लेते हुए नजर आ रही हैं, जो फिलहाल कटहरा थाना में एसआई के पद पर कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिख रहा स्थल कटहरा थाना के समीप चौकीदार शेड का है. यह वीडियो करीब दो महीने पहले का बताया जा रहा है. हालांकि फर्स्ट बिहार वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.
वायरल वीडियो में पैसा देने वाले व्यक्ति की पहचान कटहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर तेलौर गांव निवासी बच्चे राय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बच्चे राय ने 17 जुलाई 2026 को सुबह सात बजे अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण होने के मामले को लेकर कटहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसका कांड संख्या 9/26 है. इस कांड की अनुसंधानकर्ता कटहरा थाना में कार्यरत एसआई नेहा सिन्हा को बनाया गया था.
क्षेत्र में चर्चा है कि वायरल वीडियो में पिता के द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री की बरामदगी के लिए पैसा दिया जा रहा था. लोगों का कहना है कि पीड़ित पिता अपनी बेटी की तलाश के लिए लगातार थाने का चक्कर लगा रहा था. इसी दौरान यह वीडियो बनाया गया. हालांकि यह पूरी तरह से जांच का विषय है कि वीडियो में लेन-देन किस बात को लेकर हो रहा था.
इस संबंध में महुआ एसडीपीओ पोल्सत कुमार ने बताया कि वीडियो प्राप्त हुआ है. पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है. वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है कि वीडियो कब का है, कहां का है और इसमें दिख रहे लोग कौन हैं. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
वैशाली से विक्रमजीत की रिपोर्ट..