Bihar Crime News: वैशाली के राघोपुर में रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने शनिवार सुबह खूनी रूप ले लिया. जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर 9 में विवाद के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग हरबंसू राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गोली उनकी आंख में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है.


मृतक की पहचान स्वर्गीय सीताब राय के 70 वर्षीय पुत्र हरबंसू राय के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हरबंसू राय और गांव के ही श्याम नंदन राय के बीच एक साल से अधिक समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर शनिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी.


बताया जा रहा है कि विवादित रास्ते पर श्याम नंदन राय की ओर से घर बनाए जाने को लेकर हरबंसू राय पक्ष आपत्ति जता रहा था. इसी बीच हरबंसू राय ने रास्ते पर पिलर डाल दिया था. पिलर को लेकर दूसरे पक्ष ने विरोध किया. इस पर हरबंसू राय के परिजनों की ओर से कहा गया कि पहले रास्ते से घर हटाया जाए, इसके बाद पिलर भी हटा दिया जाएगा.


शनिवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और इसी दौरान हरबंसू राय को गोली मार दी गई. गोली सीधे उनकी आंख में लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.


बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरातफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. घटना की सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थाना और राघोपुर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची.


पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस की ओर से इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है.


वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पड़ोस का ही रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.