VAISHALI: वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के हरपुर गंगाराम गांव के वार्ड नंबर 09 में भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई। इस दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग किए जाने की सूचना है। गोली लगने से सुमित्रा देवी और देवेंद्र महतो घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही पक्ष के हैं।


घटना की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस को तैनात किया गया है।


बताया जा रहा है कि गोलीबारी में शामिल आरोपी पक्ष महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जानगर गांव का रहने वाला है। घटना के बाद से पुलिस बल गांव में कैंप कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोलीबारी के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।