VAISHALI: वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। टोटहां के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इनमें से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिल रही है।


बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग जलालपुर पंचायत के रहने वाले हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।


 घटना की सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर से इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- मुन्ना खान