Bihar Crime News: वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. घटना खोपी बांध वार्ड संख्या-5 की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र ग्रामीणों ने युवकों को छोड़ने से इनकार कर दिया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों युवकों को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई.
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर दो युवक खोपी बांध गांव में घूम रहे थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ. इसके बाद गांव में बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और रस्सी के सहारे एक पेड़ से बांध दिया. इसके बाद उनकी पिटाई शुरू कर दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास किया. पुलिस की कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध किया और दोनों युवकों को बच्चा चोर बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे.
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया. पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित वहां से निकालकर थाने ले जाया गया.
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम अमन कुमार और सतीश कुमार बताया है. दोनों कुशहर खास गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवकों को पहले भी इलाके में घूमते हुए देखा गया था, जिसके बाद उन पर शक किया गया.
हालांकि, अब तक बच्चा चोरी की किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. जंदाहा थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बच्चा चोरी की अफवाह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें.
पुलिस का कहना है कि अफवाह फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवकों के खिलाफ लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.