Bihar Crime News : वैशाली जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के गोरौल चौक की है, जहां देर रात एक ज्वेलरी व्यवसायी से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक गोरौल चौक स्थित राहुल एंड हर्ष ज्वेलर्स के संचालक राहुल कुमार रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने दुकान का शटर गिरा दिया था और आभूषणों से भरा बैग लेकर निकलने ही वाले थे, तभी बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे। बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर राहुल कुमार के हाथ से बैग छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद दुकानदार ने जोर-जोर से शोर मचाया और अपराधियों का पीछा करने की भी कोशिश की, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी राहुल कुमार ने बताया कि छीने गए बैग में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, दुकान की चाबी और करीब 24 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। लूट की इस घटना के बाद व्यवसायी पूरी तरह सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की गई। हालांकि देर रात तक पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। बताया जा रहा है कि ज्वेलरी दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन जिस बैग को अपराधी लेकर भागे उसमें दुकान की चाबी भी थी। इसी वजह से दुकान अब तक नहीं खोली जा सकी है और पुलिस फिलहाल आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यवसायियों का कहना है कि थाना से इतनी कम दूरी पर इस तरह की घटना होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि अगर थाना के पास ही व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले की डीआईयू टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे गोरौल बाजार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। व्यापारी वर्ग पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।