Bihar Crime News: वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है. चकव्यास गांव स्थित एक घर को निशाना बनाते हुए बदमाश लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया, जबकि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
जानकारी के अनुसार, चकव्यास गांव निवासी उपेंद्र सिंह के घर में आधी रात के बाद चोर घुस आए. परिवार के लोगों ने बताया कि रात के समय कुछ आहट सुनाई दी, जिसके बाद घर के सदस्य जाग गए. हालांकि जब तक लोग पूरी तरह स्थिति को समझ पाते, तब तक चोर अपना काम कर चुके थे और घर से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए.
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर घर से करीब 1 लाख 25 हजार रुपये नकद और लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग निकले. इसके अलावा घर में रखे अन्य कीमती सामान पर भी हाथ साफ कर दिया गया. चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए.
घटना के बाद जब परिजनों ने चोरों का पीछा करने की कोशिश की तो घर से कुछ दूरी पर खेत में एक टूटी हुई अटैची बरामद हुई. आशंका जताई जा रही है कि भागने के दौरान चोरों ने अटैची को खेत में फेंक दिया होगा. इसके बाद तत्काल गोरौल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के करीब चार घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया. डॉग स्क्वायड बरामद अटैची और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.