VAISHALI: बिहार के वैशाली में गंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। सत्यम कुमार अपने बड़े भाई के साथ गंगा में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बड़े भाई ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


दरअसल, घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के जुरावनपुर गांव के वार्ड नंबर-8 की है। रविवार की दोपहर सत्यम कुमार अपने बड़े भाई के साथ घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गंगा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।


सत्यम को डूबता देख उसके बड़े भाई ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह उसे बाहर नहीं निकाल सका। इसके बाद उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सत्यम को पानी से बाहर निकाला गया।


ग्रामीणों ने बच्चे के पेट से पानी निकालने की कोशिश की और उसे तुरंत इलाज के लिए बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था सत्यम

बताया जा रहा है कि सत्यम कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अरविंद राय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।