Bihar Crime News: हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने सद्भावना एक्सप्रेस से यात्रियों के ट्रॉली बैग चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में होटल मैनेजर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से चोरी किया गया ट्रॉली बैग और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.


जीआरपी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के बीच स्थित परित्यक्त एफओबी के पास पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा. उसकी पहचान बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अतरुआ, मल्लीपुर निवासी 71 वर्षीय सुशील महतो के रूप में हुई.


पूछताछ के दौरान सुशील महतो ने पुलिस को बताया कि वह सद्भावना एक्सप्रेस के बी-3 कोच से एक ट्रॉली बैग चोरी कर ले जा रहा था. उसने इस वारदात में संजीव कुमार के शामिल होने की जानकारी दी.


होटल में छापेमारी कर दूसरे आरोपी को पकड़ा

सुशील महतो से मिली जानकारी के आधार पर जीआरपी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और आरपीएफ थानाध्यक्ष पीके रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डाक बंगला चौक स्थित सावन आवासीय होटल में छापेमारी की. यहां से समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र के सिमहेसीपुर निवासी 40 वर्षीय संजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.


पुलिस पूछताछ में संजीव कुमार ने भी चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस को गिरोह के तीसरे सदस्य शंभू पासवान के बारे में जानकारी मिली. शंभू पासवान समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर जाहिद का रहने वाला बताया गया है.


चोरी का सामान होटल में रखने का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को गिरोह में होटल मैनेजर की भूमिका की भी जानकारी मिली. पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी का सामान सावन आवासीय होटल में लाकर मैनेजर चंदन कुमार के पास रखते थे.


इसके बाद पुलिस टीम ने होटल मैनेजर चंदन कुमार के कमरे की तलाशी ली. चंदन कुमार वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर निवासी हैं. तलाशी के दौरान कमरे से चोरी किया गया एक ट्रॉली बैग और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.


पुलिस ने चारों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार करने के बाद सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. जीआरपी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.


पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की चोरी से जुड़े मामलों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है.