Bihar Road Accident: वैशाली जिले के हाजीपुर–जंदाहा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। औद्योगिक थाना क्षेत्र के नाइपर के पास बालू अनलोड कर रहा एक बेकाबू हाइवा ट्रक अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे एक हाइवा ट्रक सड़क किनारे बालू उतार रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार के ऊपर अचानक ट्रक पलट गया। भारी मात्रा में बालू और ट्रक के नीचे दबने के कारण युवक को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने हाजीपुर–जंदाहा मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस क्रेन और जेसीबी की मदद से पलटे हुए हाइवा को हटाकर शव को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। साथ ही लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश भी जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान की जा रही है।