VAISHALI: भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नई तकनीक और बेहतर सेवाएं लागू कर रही है। ट्रेन का चार्ट तैयार होने के बाद खाली सीटों को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए ‘करंट टिकट बुकिंग’ जैसी व्यवस्था भी शुरू की गई है। लेकिन रेलवे की इस व्यवस्था पर अब ट्रेन में तैनात टीटीई और बोगी अटेंडेंट ही सवाल खड़े कर रहे हैं।


दरअसल, ट्रेन नंबर 19305 डॉ. अंबेडकर नगर (महू)-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस में सीट दिलाने के नाम पर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीटीई और उसके एजेंट की मिलीभगत से खाली सीटों का सौदा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बनारस जंक्शन पर ट्रेन में मौजूद टीटीई से हाजीपुर तक यात्रा के लिए सीट मांगी गई। पहले टीटीई ने सीट पर बैठने को कहा और बाद में एक स्टेशन पार होने के बाद अपने एजेंट के साथ पहुंचकर सीट का ‘रेट’ तय करने लगा।


बताया गया कि तीन यात्रियों के लिए 1200 रुपये की मांग की गई। मोलभाव के बाद 1000 रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद टीटीई की ओर से कैश या डिजिटल पेमेंट लेने की बात कही गई। शुरुआत में ऑनलाइन भुगतान से इनकार किया गया, लेकिन बाद में एजेंट ने डिजिटल पेमेंट स्वीकार कर लिया। आरोप है कि टीटीई ने भरोसा दिलाया कि आगे किसी तरह की जांच या परेशानी नहीं होगी और दूसरे टीटीई को भी जानकारी दे दी जाएगी। पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है।


वेटिंग टिकट वालों को नहीं मिलती सीट

रेलवे नियमों के अनुसार, ट्रेन का चार्ट बनने के बाद यदि कोई यात्री टिकट रद्द करता है तो खाली सीट ‘करंट टिकट बुकिंग’ के जरिए उपलब्ध हो जाती है। वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को भी सीट मिलने की संभावना रहती है। लेकिन आरोप है कि ट्रेन में मौजूद कुछ टीटीई और बोगी अटेंडेंट खाली सीटों को यात्रियों को नियम से देने के बजाय पैसों के बदले बेच देते हैं। इससे जिन यात्रियों ने पूरा किराया देकर टिकट लिया होता है, उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।


क्या है रेलवे की करंट टिकट बुकिंग सुविधा?

IRCTC की ‘करंट टिकट बुकिंग’ सुविधा के तहत ट्रेन का चार्ट बनने के बाद भी खाली सीट पर टिकट बुक किया जा सकता है। कई बार यात्रा से ठीक पहले टिकट कैंसिल होने पर सीट खाली हो जाती है, जिसे वेबसाइट या ऐप के जरिए बुक किया जा सकता है। अगर ट्रेन खुल चुकी हो और सीट खाली हो, तो यात्री सीधे टीटीई से संपर्क कर नियमानुसार किराया देकर सीट प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि सीट उपलब्ध होना जरूरी होता है। ट्रेन का चार्ट बनने के बाद कन्फर्म सीट मिल सकती है तो इसका जबाब है..


हम आपको बताते हैं  रेलवे की करंट टिकट बुकिंग Current Ticket Booking सर्विस आपके लिए लास्ट मिनट में भी सफर का रास्ता खोल सकती है  लेकिन हैरानी की बात ये है कि बहुत कम लोगों को इसके बारे में पता होता है। इस आसान ट्रिक से आप चलती ट्रेन में भी सीट पा सकते हैं। इसके लिए आपके रेलवे के इस खास फीचर के बारे में पता होना जरूरी है। IRCTC का एक शानदार फीचर है करंट टिकट बुकिंग, जिसकी मदद से आप ट्रेन का चार्ट बनने के बाद भी कन्फर्म टिकट बुक कर सकते हैं। दरअसल ट्रेन चलने से कुछ समय पहले कई बार लोग अपनी टिकट कैंसिल कर देते हैं। उस समय जो सीट खाली होती हैं वो IRCTC के जरिए ‘करंट टिकट' के तहत बुक की जा सकती हैं।  अगर ऐप या वेबसाइट पर सीट खाली दिख रही है और ट्रेन चल चुकी है तो आप सीधा टीटीई से मिलकर मैन्युअल टिकट ले सकते हैं। किराया देकर वह आपको ऑन-द-स्पॉट सीट अलॉट कर देगा। हालांकि यह सीट खाली होने पर ही उपलब्ध हो पाएगा ।