VAISHALI: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत के मामले में सियासत तेज हो गई है। हादसे के करीब एक सप्ताह बाद जन सुराज के संरक्षक प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे।


 उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना जताई और घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही, उन्होंने प्रत्येक पीड़ित परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की मांग भी की।


बता दें कि राघोपुर में 13 अक्टूबर को गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हुआ था। नाव पर सवार लोग भोज में शामिल होने जा रहे थे, तभी नाव पलट गई और 13 बच्चों की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


हादसे के बाद अब जन सुराज के संरक्षक प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने नाव की फिटनेस और प्रशासन को घटना की जानकारी होने या नहीं होने को लेकर सवाल उठाए। प्रशांत किशोर ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को कम से कम 25 लाख रुपये की सहायता राशि मिलनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मुखिया को भी पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए यहां आना चाहिए। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि ऐसे दुख की घड़ी में जाति और पार्टी से ऊपर उठकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।


प्रशांत किशोर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह दशकर्म के अवसर पर एक बार फिर यहां आएंगे। अब देखना होगा कि इस हादसे की जांच और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।