VAISHALI: वैशाली में महुआ अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे राजद के पूर्व विधायक मुकेश रौशन ने स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। करोड़ों की लागत से बना ऑक्सीजन प्लांट बंद होने का दावा किया गया है, तो वहीं अस्पताल परिसर में शराब और बीयर की बोतलें मिलने से हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान मुकेश रौशन ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने ऑक्सीजन की कमी से 13 लोगों की मौत का दावा किया और राघोपुर में बच्चों की मौत के मामले में भी इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठाए। मुकेश रौशन के मुताबिक, सात अक्टूबर 2021 को उद्घाटित ऑक्सीजन प्लांट स्टेबलाइजर के अभाव में बंद पड़ा है।
अगर यह दावा सही है, तो सवाल है कि इतने वर्षों बाद भी जरूरी व्यवस्था क्यों नहीं की गई.अस्पताल परिसर में जलजमाव और कचरे के बीच शराब और बीयर की बोतलें मिलने का मामला भी सामने आया है। RJD नेता ने आशंका जताई कि कहीं अस्पताल परिसर में शराब का सेवन तो नहीं हो रहा था।
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है> एनआईसीयू के लिए आया सामान सदर अस्पताल भेज दिया गया। ब्लड स्टोरेज, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और एंबुलेंस जैसी सुविधाओं की मौजूदा स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अब मांग है कि पूरे मामले की जांच हो, ऑक्सीजन प्लांट चालू कराया जाए और यदि लापरवाही साबित होती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
मुन्ना खान की रिपोर्ट