Bihar Police News: हाजीपुर के महुआ थाना में तैनात अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार गुप्ता और एसआई दीनबंधु कुमार को एसएसपी शुभांक मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिस अधिकारियों पर एक युवक को कथित तौर पर गलत तरीके से हिरासत में लेने, उसके साथ मारपीट करने, झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और रिश्वत मांगने का आरोप लगा था।
मामले से संबंधित एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने महुआ एसडीपीओ पोलस्त कुमार को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया था। जांच रिपोर्ट में वायरल ऑडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि वायरल ऑडियो में एक युवक को कथित तौर पर धमकाने और झूठे केस में फंसाने से संबंधित बातचीत सामने आई थी। ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच शुरू की। महुआ एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने वायरल ऑडियो की जांच की। जांच के दौरान ऑडियो में सामने आए आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी शुभांक मिश्रा ने अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार गुप्ता और एसआई दीनबंधु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि महुआ थाना में पदस्थापित दो पुलिस पदाधिकारियों से संबंधित ऑडियो वायरल हुआ था। महुआ एसडीपीओ से इसकी जांच कराई गई और जांच में मामला सही पाए जाने के बाद दोनों अधिकारियों को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
दो पुलिस अधिकारियों के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिलने वाली शिकायतों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।