Bidupur Six Lane Bridge: वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर एक सीएनजी टेंपो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते टेंपो आग की लपटों में घिर गया और धू-धू कर जलने लगा. शुरुआत में यह सामान्य आग लगने की घटना लग रही थी, लेकिन पुलिस की जांच में टेंपो के अंदर चल रहे शराब तस्करी के खेल का खुलासा हुआ.


घटना रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुल के पाया नंबर तीन और चार के बीच की है. बताया जा रहा है कि टेंपो राघोपुर की तरफ से पटना जा रहा था. इसी दौरान अचानक उसके इंजन के पास आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा टेंपो इसकी चपेट में आ गया. हालांकि, चालक ने समय रहते टेंपो से कूदकर अपनी जान बचा ली.


आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल की टीम

पुल पर चलते टेंपो में आग लगते ही आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. राहगीर अपने वाहन रोककर मौके पर जुटने लगे. आग से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था. घटना के कारण पुल पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई और दोनों तरफ गाड़ियों की कतार लग गई.


सूचना मिलने पर रुस्तमपुर थाना की पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टेंपो पूरी तरह जल चुका था.


पुलिस की जांच में खुला शराब तस्करी का राज

टेंपो में आग लगने के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो अंदर शराब तस्करी का मामला सामने आया. पुलिस के अनुसार, शराब तस्कर टेंपो के इंजन के पास शराब रखकर राघोपुर से पटना की ओर जा रहे थे. इसी दौरान इंजन गर्म होने के कारण टेंपो में आग लग गई.


पुलिस जांच में सामने आया कि शराब को इंजन के पास रखा गया था. आग लगने के बाद शराब से लदा टेंपो पूरी तरह जल गया. इस घटना के बाद टेंपो के जरिए शराब की तस्करी किए जाने का खुलासा हुआ है.


टेंपो जब्त, चालक और तस्कर की तलाश

घटना के बाद रुस्तमपुर थाना की पुलिस ने जले हुए टेंपो को जब्त कर थाने ले आई है. पुलिस अब टेंपो के चालक, मालिक और शराब तस्कर की पहचान करने में जुटी है.


रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि पुल पर टेंपो में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच में पता चला कि टेंपो के इंजन के पास शराब रखकर पटना ले जाई जा रही थी. इंजन गर्म होने के कारण उसमें आग लग गई. पुलिस ने टेंपो जब्त कर लिया है और चालक, मालिक व शराब तस्कर का पता लगाया जा रहा है. सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.