Bihar Road Accident: बिहार के वैशाली जिले के महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. फुलवरिया गांव के पास हुए इस हादसे में एक के बाद एक तीन भारी वाहन आपस में टकरा गए. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.


मृतक की पहचान फुलवरिया गांव निवासी 60 वर्षीय पोषण महतो के रूप में हुई है. हादसा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुआ. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक वाहन के टायर की जांच कर रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाईवा ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहा एक 12 चक्का ट्रक भी अनियंत्रित हो गया और उसने पहले सड़क किनारे खड़े पोषण महतो को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए पहले से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और हाईवा से जा टकराया.


हादसा इतना भयावह था कि पोषण महतो की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.


सूचना मिलने पर महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और हाईवा को जब्त कर लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.


महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था. पीछे से आए हाईवा और ट्रक की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.