Bihar News: हाजीपुर में शादी की खुशियां उस वक्त फीकी पड़ गईं, जब दूल्हे का हथियार लहराते हुए डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हे और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया. नतीजा यह हुआ कि दूल्हे को अपनी सुहागरात दुल्हन के साथ नहीं, बल्कि थाने की हाजत में बितानी पड़ी. बाद में दोनों को 5 लाख के बांड पर राहत मिली.


मामला वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के लावापुर गांव का है. यहां 1 जुलाई को जयराम राय के पुत्र गुड्डू कुमार की शादी थी. शादी समारोह में डीजे की धुन पर जुलूस निकाला जा रहा था. इसी दौरान दूल्हे का भाई सिंटू कुमार हाथ में हथियार लेकर डांस करता नजर आया. कुछ देर बाद उसने वही हथियार दूल्हे गुड्डू कुमार को दे दिया, जिसके बाद दूल्हा भी हथियार लहराते हुए भोजपुरी गाने पर नाचने लगा.


इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी. शादी संपन्न होने और दुल्हन के घर आने के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने दूल्हे और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया.


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस हथियार को दोनों लहरा रहे थे, वह असली नहीं बल्कि नकली था. हालांकि पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियार जैसा दिखने वाला सामान लहराकर दहशत फैलाना और दबंगई का प्रदर्शन करना कानून के दायरे में गंभीर मामला है. वीडियो में जाति विशेष से जुड़ा आपत्तिजनक गीत बजने का पहलू भी जांच के दायरे में लिया गया.


गिरफ्तारी के बाद दोनों भाइयों को रातभर थाने की हाजत में रखा गया. अगले दिन उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां 5 लाख के बांड पर रिहा किया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दूल्हे की सुहागरात थाने में बीतने की चर्चा होती रही.