हाजीपुर: नगर थाना क्षेत्र के सीढ़ी घाट पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे गंडक नदी में नहाने के दौरान दो स्कूली बच्चे तेज धारा में बह गए। इनमें से एक बच्चे को नाविकों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि दूसरा बच्चा नदी में डूब गया। घटना के बाद SDRF की तीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।


बताया जाता है कि उर्दू विद्यालय के पांच बच्चे अपना स्कूल बैग विद्यालय में छोड़कर गंडक नदी में नहाने के लिए सीढ़ी घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान दो बच्चे तेज धारा की चपेट में आकर बहने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।


इसी दौरान कौशल्या घाट पर खाना खा रहे नाविक अरविंद सहनी, छठू सहनी और घमंडी सहनी की नजर बच्चों पर पड़ी। तीनों नाव लेकर बच्चों को बचाने के लिए पहुंचे। नाविकों ने कोनहारा घाट के पास एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा बच्चा नदी में डूब गया।


डूबे बच्चे की पहचान मस्जिद चौक बऊली मोहल्ला निवासी मोहम्मद शाहिद के पुत्र रेहान उर्फ पाली के रूप में हुई है। वहीं बचाए गए बच्चों में इरशाद, रहमान समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीढ़ी घाट से बच्चों के कपड़े बरामद किए हैं।


सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF की तीन टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और नदी में बच्चे की तलाश शुरू की। देर शाम तक डूबे बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका था।


साथ में नहाने वाले छात्र रहमान ने बताया कि वे लोग पिछले करीब एक महीने से यहां नहाने के लिए आते थे। फिलहाल SDRF की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है और परिजन बच्चे के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।