Bihar Teacher Scam: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी और विभागीय लापरवाही का मामला सामने आया है. हाजीपुर के पातेपुर प्रखंड में एक शिक्षिका पर बिना स्कूल में योगदान किए करीब पांच महीने तक वेतन लेने का आरोप लगा है. मामले की जांच में विद्यालय के प्रधान शिक्षक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, प्रधान शिक्षक संजय रजक पर भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है.
मामला पातेपुर प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय राघोपुर नरसंडा टोला अहरा से जुड़ा है. जिला शिक्षा विभाग की ओर से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज डिजिटल हाजिरी की समीक्षा के दौरान इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ. जांच में पता चला कि विद्यालय अध्यापक प्रियंका कुमारी 2 जुलाई 2026 से पोर्टल पर मार्क ऑन ड्यूटी के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रही थीं, जबकि वह अपने प्रतिनियुक्त विद्यालय में योगदान ही नहीं कर रही थीं.
प्रतिनियुक्त स्कूल में नहीं किया योगदान
विभागीय जांच में सामने आया कि प्रियंका कुमारी की प्रतिनियुक्ति उत्क्रमित मध्य विद्यालय विजयपुरा में की गई थी. इस संबंध में जब जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक से रिपोर्ट मांगी तो पता चला कि शिक्षिका ने वहां योगदान ही नहीं किया था.
इसके बावजूद वह ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रही थीं और वेतन का लाभ भी ले रही थीं. मामले की जानकारी मिलने के बाद डीईओ रवींद्र कुमार ने शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा. आरोप है कि शिक्षिका ने अपने जवाब में तथ्यों को छिपाकर विभाग को गुमराह करने की कोशिश की.
प्रधान शिक्षक ने भी भेजी गलत अनुपस्थिति रिपोर्ट
जांच के दौरान विद्यालय के प्रधान शिक्षक संजय रजक की भूमिका भी सामने आई. विभाग के अनुसार, प्रतिनियुक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक से अनुपस्थिति विवरणी प्राप्त नहीं होने के बावजूद संजय रजक ने प्रियंका कुमारी की पूरे महीने की अनुपस्थिति विवरणी वेतन भुगतान के लिए विभाग को भेज दी थी.
इस मामले में प्रधान शिक्षक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया. विभाग ने उनके जवाब को संतोषजनक नहीं पाया और उन्हें भी सरकारी राशि के भुगतान में अनियमितता में सहयोग करने तथा विभाग को गुमराह करने का दोषी माना.
जिला शिक्षा पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने शिक्षिका प्रियंका कुमारी को कर्तव्यहीनता, सरकारी राशि के गबन, विभागीय आदेश की अवहेलना और छात्रों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करने समेत कई आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गोरौल का कार्यालय निर्धारित किया गया है.
वहीं, प्रधान शिक्षक संजय रजक के खिलाफ भी घोर लापरवाही, वित्तीय अनियमितता, सरकारी राशि के गबन में सहयोग और विभागीय आदेशों की अवहेलना के आरोप में अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है. अनुशासनिक जांच के संचालन के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा, वैशाली को जांच पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पातेपुर को उपस्थापन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
इस पूरे मामले ने सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी और शिक्षकों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.