SUPAUL : सुपौल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। दूरसंचार टावर से करीब 5 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य के टेलीकॉम इक्विपमेंट (फाइबर कार्ड) की चोरी के मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चारपहिया वाहन को भी जब्त किया है।
मंगलवार को जानकारी देते हुए सुपौल के एसपी शरथ आरएस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को टेलीकॉम इक्विपमेंट चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
एसपी ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को Peregrine Guarding Pvt. Ltd. के सीनियर ऑपरेशन मैनेजर ने पिपरा थाना क्षेत्र स्थित इंडस टावर की साइट से टेलीकॉम इक्विपमेंट चोरी होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। चोरी गए फाइबर कार्ड की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 88 लाख रुपये बताई गई थी। मामले के त्वरित उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ सुपौल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। इसमें पिपरा थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ तकनीकी टीम को भी शामिल किया गया। टीम ने अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही और मामले में उसकी संलिप्तता की जांच के क्रम में घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
बिहार,यूपी समेत कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। अनुसंधान में यह भी सामने आया है कि चोरी किए गए सामान को विदेशों में बेचे जाने की आशंका से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी और कांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के भागदिवा निवासी ध्रुव द्विवेदी, पिता त्रिभुवन प्रह्लाद, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, हमीरपुर, हरदोई, जालौन, खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, महोबा और अंबेडकर नगर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी,चोरी गए टेलीकॉम उपकरणों की बरामदगी और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।