Bihar News: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई है, जहां एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मचहा वार्ड 15 की है। मृतका की पहचान ज्योति कुमारी के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा की मां वीणा देवी घर के काम में व्यस्त थीं, जबकि ज्योति खेत में घास लाने के लिए गई थी। कुछ देर बाद गांव के कुछ बच्चे भागते हुए घर पहुंचे और बताया कि ज्योति खेत में गिरी हुई है। यह सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉ. बीएन पासवान के अनुसार, जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम का माहौल फैल गया।


हालांकि, घटना के कुछ ही देर बाद मामला और उलझता हुआ नजर आया। परिजनों के बयान में बदलाव देखने को मिला। पहले जहां छात्रा के खेत में बेहोश मिलने की बात कही जा रही थी, वहीं बाद में परिजनों ने बताया कि ज्योति का पढ़ाई में मन नहीं लगता था और सुबह उसे पढ़ाई और घर के काम को लेकर डांटा गया था। इसके बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और कथित तौर पर फंदे से लटक गई।


परिजनों के इस बदले बयान ने मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना दिया है। खास बात यह है कि पुलिस जांच के दौरान छात्रा के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे यह मामला सामान्य नहीं लग रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।


घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और शव से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

(सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट)