SUPAUL: बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर SSB ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई कर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ शिकंजा कसा है। पहली कार्रवाई में स्विफ्ट कार से एक नाबालिग लड़की को लेकर नेपाल की राजधानी काठमांडू जा रहे उत्तर प्रदेश के सलमान खान समेत चार युवकों को SSB ने भीमनगर सीमा क्षेत्र में पकड़ा है।
टीम ने नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू करते हुए चारों युवकों को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में कुनौली सीमा क्षेत्र से 45 लीटर नेपाली शराब जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
भीमनगर में चार युवकों के साथ जा रही थी 16 वर्षीय लड़की, SSB ने रोका......
पहली कार्रवाई 28 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:45 बजे भीमनगर चेक पोस्ट के समीप सीमा स्तंभ संख्या 206/7 के पास भारतीय क्षेत्र में की गई। यहां नियमित जांच के दौरान SSB जवानों ने एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली। कार में चार पुरुषों के साथ करीब 16 वर्ष की एक नाबालिग लड़की भी सवार थी। पूछताछ के दौरान चारों युवकों की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर निवासी मोहम्मद नदीम खान, मोहम्मद मेराज खान, एहतिशाम मोहम्मद और सलमान खान के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने बताया कि वे सभी बिहार के सुपौल में अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने के बाद नेपाल की राजधानी काठमांडू घूमने जा रहे थे।
मामले की संवेदनशीलता और लड़की के नाबालिग होने को देखते हुए SSB ने इसकी सूचना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), मुख्यालय पूर्णिया को दी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नाबालिग लड़की का रेस्क्यू किया गया। वहीं, चारों युवकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
कुनौली में तड़के SSB की घेराबंदी,साइकिल से ला रहा था नेपाली शराब....
वहीं,दूसरी बड़ी कार्रवाई 29 नवंबर 2026 की अहले सुबह करीब 3:40 बजे कुनौली सीमा क्षेत्र में की गई। BOP कुनौली की नाका पार्टी ने शिव मंदिर के पास विशेष नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से एक व्यक्ति साइकिल पर दो बोरियों में सामान लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करता दिखाई दिया।
संदेह होने पर SSB जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों बोरियों से नेपाली ब्रांड करनाली गोल्ड (Karnali Gold) की कुल 150 बोतल शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की थी। इस तरह कुल 45 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के लालापट्टी गांव निवासी जनक यादव के रूप में हुई। SSB ने शराब, साइकिल और गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया।
मानव तस्करी और शराब तस्करी पर SSB की पैनी नजर....
दोनों कार्रवाइयों के संबंध में 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट श्री जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ मानव तस्करी, अवैध गतिविधियों और विभिन्न प्रकार की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सीमा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए नियमित निगरानी, जांच और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 45वीं वाहिनी SSB की इन दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक ओर जहां नाबालिग लड़की का रेस्क्यू कर चार लोगों को पुलिस के हवाले किया गया, वहीं दूसरी ओर नेपाल से लाई जा रही 45 लीटर शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित थानों की पुलिस द्वारा की जा रही है।