Bihar Crime News: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नशा करने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। स्कूल के पास कथित तौर पर स्मैक पी रहे युवकों को रोकने पर बदमाश इतने भड़क गए कि कुछ देर बाद युवक के घर पहुंचकर उसे गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि घायल युवक का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।


यह पूरा मामला किसनपुर थाना क्षेत्र के थरविटिया पूर्व पुनर्वास गांव का बताया जा रहा है। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी और पेशे से वकील दिनेश प्रसाद यादव के 25 वर्षीय बेटे बलवंत कुमार के रूप में हुई है।


परिजनों के मुताबिक, गांव के पास स्थित एक विद्यालय के बाहर चार से पांच युवक कथित तौर पर स्मैक का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे बलवंत कुमार ने युवकों को नशा करने से मना किया। उसने सिर्फ इतना कहा कि स्कूल के आसपास इस तरह का नशा करना गलत है और यहां बच्चों का आना-जाना रहता है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था और सभी अपने-अपने घर लौट गए थे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी रूप ले लेगा।


बताया जा रहा है कि बलवंत कुमार घर लौटकर स्नान कर रहा था। तभी दो बाइक पर सवार करीब पांच युवक उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर अचानक गोली चला दी। गोली सीधे बलवंत कुमार के बाएं बांह में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई।


गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल युवक को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


डॉक्टरों के मुताबिक, गोली अभी भी युवक के बांह में फंसी हुई है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल में घायल युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।


घटना के बाद पीड़ित युवक की मां ने कहा, “मेरे बेटे ने सिर्फ इतना कहा था कि स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो। इसी बात पर घर में घुसकर उसे गोली मार दी गई। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”


वहीं सदर अस्पताल के डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे रेफर किया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही किसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


किसनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक को गोली लगी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।