SUPAUL: सुखा नशा के खिलाफ सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1.440 किलो स्मैक, 2 चार पहिया वाहन, 750 एमएल अंग्रेजी शराब, 10 ATM कार्ड्स, 1 पैन कार्ड, 2600 रूपये कैश एवं 3 मोबाइल के साथ 4 तस्कर को गिरफ्तार किया है। सुपौल एसपी शरथ आर एस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन,बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम लगाने तथा इसमें संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 मई 2026 को जदिया थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुछ मादक पदार्थ तस्कर दो चारपहिया वाहनों से रानीगंज की ओर से जदिया की तरफ अवैध मादक पदार्थ लेकर आने वाले हैं। प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी तत्काल जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी गई। एसपी के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक अग्रतर कार्रवाई हेतु त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों को चिन्हित कर रोका गया और विधिसम्मत तलाशी ली गई।
जिसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में नियमानुसार दोनों वाहनों की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से लगभग 1.440 किलोग्राम स्मैक बरामद किया गया एवं कार्रवाई के दौरान अवैध मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 2 चार पहिया वाहन,750 एमएल अंग्रेजी शराब, 10 ATM कार्डस, 1 पैन कार्ड, 2600 रूपये नगद एवं 3 मोबाइल को भी पुलिस द्वारा जब्त किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। इनके नेटवर्क,आपराधिक इतिहास एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
इस संबंध में जदिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही एवं गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।गिरफ्तार अभियुक्तों में जदिया थाना क्षेत्र के पिलवहा वार्ड 5 निवासी शिवकुमार मेहता का 27 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार, विजेंद्र मेहता का 26 वर्षीय पुत्र सूचित कुमार, वार्ड 4 निवासी सुभाष यादव का 41 वर्षीय पुत्र संजय यादव और सुपौल सदर थाना क्षेत्र के खरैत वार्ड 11 निवासी दिलीप मंडल का पुत्र प्रदीप कुमार उर्फ जीतन शामिल है। बता दें कि सूत्रों के मुताबिक बरामद स्मैक का अनुमानित अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य और ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है।