SUPAUL: बिहार के सुपौल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में ATM तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश करने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करजाइन रोड स्थित NH-106 वीरपुर मार्ग के किनारे अशोक वाटिका होटल परिसर में लगे पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ATM को निशाना बनाया गया था।
हालांकि,आरोपी की मंशा पूरी होने से पहले ही पुलिस ने CCTV फुटेज के सहारे उसकी पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र के हरिराहा वार्ड-9 निवासी सुनील कुमार उर्फ फुदी साह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ATM तोड़ने में इस्तेमाल किए गए पेचकस और पिलास के अलावा विभिन्न बैंकों के पांच ATM कार्ड, ATM की रसीद सहित अन्य सामान बरामद किया है।
गुरुवार को वीरपुर SDPO पवन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात अशोक वाटिका होटल के नीचे स्थित PNB ATM में तोड़फोड़ कर नकदी निकालने का प्रयास किया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इस दौरान ATM में लगे CCTV कैमरे के फुटेज को खंगाला गया। फुटेज में एक संदिग्ध की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार उर्फ फुदी साह को हॉस्पिटल रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पेचकस,पिलास,पांच ATM कार्ड और ATM की रसीद समेत अन्य सामान बरामद हुए।
ATM से नहीं निकले रुपये, मशीन तोड़ने की हुई थी कोशिश..
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि इस मामले में PNB बैंक के अधिकारियों से बातचीत की गई है। बैंक की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ATM से किसी भी तरह की नकदी निकासी नहीं हुई है। हालांकि,मशीन में तोड़फोड़ कर रुपये निकालने की कोशिश जरूर की गई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
SDPO पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। वहीं, आरोपी के पास से बरामद विभिन्न बैंकों के पांच ATM कार्ड को लेकर भी जांच की जा रही है कि ये कार्ड उसके पास कहां से आए और इनका इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया।
सुबह होटल स्टाफ ने दी थी ATM में तोड़फोड़ की सूचना...
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अशोक वाटिका होटल के स्टाफ की नजर ATM में हुई तोड़फोड़ पर पड़ी। इसके बाद होटल स्टाफ ने मकान मालिक कुंदन साह को इसकी जानकारी दी। कुंदन साह ने तत्काल राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ATM मशीन का निरीक्षण किया तो अंदर और आसपास तोड़फोड़ के निशान मिले। इसके बाद CCTV फुटेज की जांच की गई और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल,पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है। खासकर आरोपी के पास मिले पांच ATM कार्ड पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बने हुए हैं।