SUPAUL: सुपौल जिले के जदिया थाना से बुधवार सुबह एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पुलिस हिरासत में हाजत में बंद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार युवक ने कंबल की पट्टी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि परिजनों ने पुलिस पर रातभर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव उत्पन्न हो गया और परिजनों ने थाना के सामने जमकर हंगामा,आगजनी और एसएच 91 सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया। पांच घंटे तक पुलिस के सामने परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। 


मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के रजगांव वार्ड 2 निवासी नंदन कुमार के 24 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात डायल 112 को सूचना मिली थी कि बिट्टू कुमार शराब के नशे में अपने घर पर हंगामा कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर जदिया थाना ले आई। बुधवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बिट्टू कुमार हाजत के अंदर कंबल की पट्टी से फंदा लगाकर लटका हुआ है। पुलिस द्वारा उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाना पहुंच गए। परिजन जब थाना पहुंचे तो देखा कि पुलिस शव को पुलिस वाहन से कहीं ले जा रही है, तब आक्रोशित परिजनों ने पुलिस वाहन से शव को छीन लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते थाना परिसर और उसके आसपास का माहौल तनावपूर्ण हो गया। 


परिजनों ने आरोप लगाया कि बिट्टू कुमार की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है पुलिस रातभर उसकी पिटाई की है तथा पुलिस घटना की जानकारी छिपाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस वालों पर हत्या का आरोप लगाया है आक्रोशित लोगों ने थाना का घेराव कर दिया और थाना के सामने स्थित एसएच-91 को जाम कर आगजनी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस, एसडीपीओ विभाष कुमार,एसडीएम अभिषेक कुमार,सीओ प्रियंका सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे,लेकिन काफी देर तक परिजन किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर सुपौल एसपी शरथ आर एस स्वयं जदिया थाना पहुंचे और मृतक के परिजनों से लंबी बातचीत की। एसपी द्वारा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद दोपहर में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


एसपी शरथ आर एस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक हाजत के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जाएगा तथा सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी पुलिस पदाधिकारी दोषी पाए जाएंगे,उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मृतक आदतन शराब का सेवन करता था। इससे पहले भी उसे 23 दिसंबर 2025 और 24 अप्रैल 2026 को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।